भजनपुरा इलाके में एक शख्स ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर पड़ोसी युवक को चाकू व डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और बाद में उस पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया।
कुत्ते ने पीड़ित बिजलेश सिंह (30) के जख्मों से खून पीना शुरू कर दिया। बेटे का झगड़ा होने की खबर मिलते ही बिजलेश का परिवार वहां पहुंच गया।
किसी तरह परिवार ने बिजलेश के शरीर से कुत्ते को हटाया। बेहद नाजुक हालत में उसे सेंट स्टीफन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आंख फोड़ी जबड़ा तोड़ा और फिर..
बिजलेश की एक आंख खराब होने के अलावा उसके सिर और जबड़े में फ्रैक्चर है। भजनपुरा पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बिजलेश सिंह परिवार के साथ गली नंबर-17 भजनपुरा इलाके में रहता है। इसके परिवार में पिता अमर सिंह, भाई राजेश सिंह व अन्य सदस्य हैं।
बिजलेश प्राइवेट नौकरी करता है। शनिवार रात 12.15 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम के पास उसका पड़ोसी महिपाल व उसके बेटों सुमित और अंकित उर्फ छोटू से झगड़ा हो गया।
खून पीने के लिए ऊपर छोड़ दिया कुत्ता
झगड़ा इतना बढ़ा कि दरिंदगी की सारी हदों को पार कर गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उसे डंडों, भारी वस्तु व चाकू से वारकर बुरी तरह जख्मी कर दिया।
मरा हुआ समझकर आरोपियों ने अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया। इधर, दूसरे लोगों ने बिजलेश के पिता अमर सिंह व उसके भाई राजेश को सूचना दी।
बिजलेश को सेंट स्टीफन अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात के बाद से आरोपी फरार हैं।