न्यू ईयर का मौका भुनाने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) और गोवा टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जीटीडीसी) के बीच करार हुआ है।
इसके लिए एमओयू साइन किया गया है, जिसके चलते हॉलीडे स्पेशल पैकेज 30 दिसंबर से एक जनवरी के बीच मुहैया कराए जाएंगे। इसके तहत इंडियन रेलवे हॉलीडे स्पेशल ट्रेन का संचालन करेगा।
हॉट सिटी समेत दिल्ली-एनसीआर से हर वर्ष न्यू ईयर मनाने के लिए गोवा जाने वालों की संख्या में इजाफा देखा गया है। ऐसे में, पर्यटन को बढ़ाने के उद्देश्य से जीटीडीसी ने कदम बढ़ाया और आईआरसीटीसी के साथ हाथ मिलाया है।
30 दिसंबर से एक जनवरी तक हॉलीडे स्पेशल ट्रेनों में 560 गैर वातानुकूलित और 200 वातानुकूलित सीटें रिजर्व हैं। इसकी जानकारी आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर मुहैया कराई गई है।
आईआरसीटीसी के पीआरओ संदीप दत्ता ने बताया कि हॉलीडे स्पेशल सुविधा दिल्ली-गोवा के साथ ही मुंबई-गोवा रूट पर भी मुहैया कराई गई है। पैकेज में ट्रेन टिकट के साथ ही गोवा में होटल की सुविधा यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी।