भारतीय बच्चों में ब्रेन ट्यूमर की बीमारी लगातार बढ़ रही है। प्रति वर्ष 40 से 50 हजार लोग इस बीमारी से पीड़ित होते हैं और इनमें बच्चों की संख्या होती है 20 फीसदी। बच्चों में इस बीमारी के बढ़ने को गंभीरता से लेते हुए आईएमए ने देशभर के डॉक्टरों को एडवाइजरी जारी कर ऐसे मरीजों की पहचान कर तुरंत इलाज शुरू करवाने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के अनुसार नब्बे फीसदी मामलों में शुरुआत में बीमारी पकड़ में आने पर इलाज संभव है। आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के अध्यक्ष डॉ. केके अग्रवाल का कहना है कि यह चिंता का विषय है कि भारतीय बच्चों में ब्रेन टयूमर की बीमारी तेजी बढ़ रही है।
इसके अलावा हर साल लगभग ढाई हजार भारतीय बच्चों में मेडुलोब्लास्टोमा रोग भी पाया जा रहा है। यदि सही समय पर इलाज शुरू हो जाए तो नब्बे फीसदी मरीज ठीक हो सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मेडुलोब्लास्टोमा बच्चों में पाया जाने वाला एक घातक प्राथमिक ब्रेन ट्यूमर है।