दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में अनोखा मामला सामने आया है। लड़के पक्ष के लोग लड़की देखने गए थे, लड़की पसंद आ गई, गोदभराई भी हो गई। इसके बाद अचानक कुछ ऐसा हुआ कि लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के वालों को बंधक बना लिया।
घटना मसूरी इलाके की है। दीनानाथपुर पौठी गांव में रिश्ता तय होने के बाद गोदभराई हो गई। लड़की वाले मौके पर ही सगाई कराने पर अड़े, तो लड़के वालों ने मना कर दिया।
तनाव इतना बढ़ गया कि लड़की पक्ष के लोगों ने गांव वालों के साथ मिलकर लड़का पक्ष के 20 लोगों को भूसे के कमरे में बंद कर दिया और उनके ऊपर भूसा भी डाल दिया। पुलिस ने आकर चार घंटे बाद बंधकों को मुक्त कराया।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। पुलिस के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के गिरधरपुर निवासी लोग अपने बेटे के लिए बहू देखने मसूरी पौठी गांव आए थे। जहां दोनों परिवार के लोगों में बात बन गई। लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की की गोदभराई भी कर दी।