शहर की चका-चौंध, लग्जरी कारों तथा क्षेत्र के कुख्यात बदमाशों की शान ओ शौकत देखकर डॉन बनने की चाहत लिए हर साल कुछ युवक अपराध की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
भले ही इसके लिए उन्हें चोरी, लूट या हत्या ही क्यों न करनी पडे़। इसी समस्या पर दनकौर क्षेत्र के जुनैदपुर के किसान परिवार से निकलकर एक युवक ने फिल्म बनाई है।
फिल्म निर्माता बने मुंदराज नागर और संजय पोसवाल ने बताया कि फिल्म में पैसे की चाह में भटकती युवा पीढ़ी के बारे में दिखाया गया है, जो जल्द से जल्द अमीर बनने के लिए कुछ भी करने को तैयार रहती है।
मुंदराज ने बताया कि मौजूदा समय में गौतमबुद्ध नगर में करीब 20 युवक ऐसे हैं, जो प्रतिष्ठित परिवार से हैं। वह महज इसलिए लूट और हत्या जैसे संगीन अपराध में लिप्त हैं ताकि डॉन बन कर लग्जरी लाइफ जी सकें।
फिल्म की निर्देशक गीता तोमर तथा प्रकाश सिंह द्वारा लिखित फिल्म में पहली बार अभिनेत्री नेहा राठौर और अभिनेता समीर चौधरी अपने करियर की नींव रखेंगे। यह दोनों कलाकार गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और करनाल में हुई है। फिल्म कॉमेडी, रोमांस और सस्पेंस से भरी युवा पीढ़ी पर आधारित है। फिल्म में श्रद्धा शर्मा ने पहली बार आइटम सांग किया है।