बुलंदशहर जिले में एक किशोरी का बाग में फंदे से शव लटका हुआ मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामघाट थाना क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी किशोरी नीरज (17) का शव 24 घंटे बाद बाग में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर से घर से लापता थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
विज्ञापन
रामघाट थाना क्षेत्र के गांव रामपुर निवासी पूर्ण सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर को उनकी बेटी नीरज (17) घर से कहीं चली गई थी। इसके बाद से उसकी परिजन खोजबीन कर रहे थे। बुधवार दोपहर में कुछ ग्रामीणों ने नीरज का शव बाग में उसके ही दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका देखा।
रामघाट थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम बुलाई गई। टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।