अब भी 77.16 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचना बाकी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तीन दिनों में करीब हर पांच में केवल एक मतदाता तक ही बीएलओ पहुंच सके हैं, जबकि 77.16 प्रतिशत मतदाताओं तक पहुंचना अब भी बाकी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से शुक्रवार रात आठ बजे तक जारी रिकॉर्ड के मुताबिक, बीएलओ 1.45 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 33.14 लाख से अधिक तक पहुंच सके हैं। अब तक केवल 33,14,116 एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल 1,45,10,298 मतदाताओं का 22.84 प्रतिशत है।
दिल्ली में एसआईआर अभियान 29 जुलाई तक चलना है। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म बांट रहे हैं। चुनाव आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। रिपोर्ट के अनुसार फॉर्म वितरण के मुकाबले डिजिटाइजेशन की रफ्तार अभी काफी धीमी है। अब तक वितरित 33,14,116 फॉर्म में से केवल 1,02,308 फॉर्म ही डिजिटल प्रणाली में दर्ज किए जा सके हैं। यह कुल मतदाताओं का 0.71 प्रतिशत है।
किन जिलों में कितने फॉर्म पहुंचे
नई दिल्ली - 31.41 प्रतिशत
उत्तर जिला - 31.36 प्रतिशत
उत्तर-पश्चिम - 29.84 प्रतिशत
पुरानी दिल्ली - 25.84 प्रतिशत
उत्तर-पूर्व जिला - 24.26 प्रतिशत
पूर्वी दिल्ली - 18.37 प्रतिशत
दक्षिण-पूर्व दिल्ली - 19.01 प्रतिशत
मध्य दिल्ली - 19.22 प्रतिशत