दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस में शुक्रवार दोपहर एसी का कंप्रेशर फटने से मैकेनिक की मौत हो गई, जबकि डीयू के चार कर्मचारियों समेत पांच लोग घायल हो गए।
एक की हालत गंभीर बनी हुई है। साउथ कैंपस थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। दक्षिण जिला पुलिस के मुताबिक शुक्रवार दोपहर तुर्कमान गेट निवासी शकील (25) अपने साथी सिकंदर (24) के साथ साउथ कैंपस के बायोटेक विभाग की चौथी मंजिल की छत पर लगे एसी को ठीक कर रहा था।
इस दौरान करीब तीन बजे कंप्रेशर फट गया। इसकी चपेट में शकील, सिकंदर और डीयू की कर्मचारी ऊषा, अंजली, सिंपल और रुपेश आ गए। धमाके से चौथी मंजिल पर स्थित खिड़कियों केशीशे टूट गए।
सभी को एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शकील को मृत घोषित कर दिया, जबकि सिकंदर की हालत गंभीर बनी हुई है।
ऊषा, अंजली, सिंपल और रुपेश को प्राथमिक उपचार केबाद ट्रॉमा सेंटर से छुट्टी दे दी गई। डीयू रजिस्टार अल्का शर्मा ने एक प्रेस बयान जारी कर मैकेनिक की मौत पर खेद व्यक्त किया।