दिल्ली फतह के लिए भाजपा के तीन सौ से अधिक सांसद चुनाव प्रचार में उतरने वाले हैं। बृहस्पतिवार को 30 से अधिक सांसद शक्ति केंद्रों पर बैठक करेंगे। इनमें सबसे ज्यादा तादाद उत्तर प्रदेश के सांसदों की होगी। इस बीच विवादित बयान देने का आरोप झेल रहीं केंद्रीय मंत्री व सांसद साध्वी निरंजन ज्योति बृहस्पतिवार को गोल मार्केट में चुनाव प्रचार करती दिखेंगी। हालांकि बुधवार को शेख सराय में होन वाले उनके कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्से में कई राज्यों के सांसद दिल्ली भाजपा के लिए चुनाव प्रचार में उतरेंगे। मेरठ के सांसद राजेंद्र अग्रवाल, फैजाबाद के लल्लू सिंह, चंदौली के सांसद महेंद्र नाथ पांडेय, कबीर नगर के सांसद शरद त्रिपाठी संत के अलावा रविंद्र कुशवाहा, विरेंद्र सिंह, राजेश पांडेय, मीनाक्षी लेखी, रमेश विधुड़ी समेत कई सांसद शक्ति केंद्रों पर कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे। वहीं मुस्लिम बहुल ओखला में कोटा राजस्थान से सांसद ओम बिरला तो अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम हरकेश नगर में प्रचार करेंगे।
गुजरात से सांसद दीप सिंह राठौर ख्याला में, बिहार से सांसद जनक राम सावन पार्क सुरक्षित वार्ड में जनसभा को संबोधित करेंगे। भदोई से सांसद वीरेंद्र सिंह, बुराड़ी में लोगों से संवाद स्थापित करेंगे। दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा अपने पैतृक गांव मुंडका में प्रचार करेंगे।