दिल्ली के रामलीला मैदान में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की अगली रणनीति तय करेगी। दरअसल भाजपा ने राष्ट्रीय परिषद की बैठक रामलीला मैदान में करने का फैसला लिया है।
17 से 19 जनवरी तक चलने वाली राष्ट्रीय परिषद की बैठक में देश भर से पार्टी के नेता व कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी व राष्ट्रीय परिषद की बैठक के लिए दिल्ली भाजपा ने कमर कस ली है। बैठक में पार्टी के 10 हजार कार्यकर्ताओं के शिरकत करने की उम्मीद है। प्रदेश भाजपा ने इसकी तैयारियों के लिए 20 समितियों का गठन किया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करके देश की बेहतरी का संदेश भी दिया जाएगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने बताया कि 17 जनवरी को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में होगी और राष्ट्रीय परिषद की बैठक दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सुरक्षा, स्वास्थ्य, पार्किंग, भोजन, स्वागत, परिवहन, मीडिया, सफाई समेत 20 समितियां बनाई गई हैं।
दिल्ली के रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल पर विशेष काउंटर बनाया जाएगा ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले प्रतिनिधियों को कोई कठिनाई न हो। इस मुहिम में विधायक, पार्षद और प्रदेश के प्रभारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।