एमसीडी चुनाव में नामांकन पत्र रद्द होने के मामले में किरकिरी का सामना कर रही दिल्ली प्रदेश भाजपा को बड़ी सफलता मिली। भाजपा ने मंगलवार को स्वराज इंडिया एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के एक-एक उम्मीदवार को अपने पक्ष में कर लिया। इसके अलावा तीन निर्दलीय उम्मीदवार भी पार्टी में शामिल किए।
यह पांचों उम्मीदवार उन वार्डों में चुनाव लड़ रहे हैं जहां भाजपा के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द हो गए थे। इन उम्मीदवारों को भाजपा ने समर्थन दिया है। मगर उन्हें उसी चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ना होगा जो उनको आवंटित हो चुका है। इस प्रकार इन पांच सीटों पर लड़े बिना ही मैदान में भाजपा मौजूद रहेगी।
भाजपा ने उत्तरी निगम के वार्ड नंबर 81 किशनगंज से स्वराज इंडिया की उम्मीदवार ट्विंकल कालिया, पूर्वी निगम के वार्ड नंबर 10 विनोद नगर से एनसीपी के उम्मीदवार राहुल सिंह के अलावा दक्षिण निगम के वार्ड 24 बापरौला से निर्दलीय उम्मीदवार अमृता रश्मि, वार्ड नंबर 67 लाडोसराय से निर्दलीय उम्मीदवार लता सोनी और वार्ड नंबर 102 अबूल फजल एंक्लेव से निर्दलीय उम्मीदवार गुलफाम को पार्टी में शामिल किया। इन वार्डों में भाजपा का काई उम्मीदवार नहीं होने के चलते पार्टी ने इन्हें समर्थन देने का एलान किया है। इन वार्डों में भाजपा के उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द हो गए थे।
पार्टी कार्यालय में प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने पांचों उम्मीदवारों के अलावा आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के करीब 50 नेताओं को भी पार्टी में शामिल किया। इस मौके पर श्याम जाजू ने कहा कि गंभीर समीक्षा के बाद भाजपा ने इन पांच वार्डों में निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहे ऐसे प्रत्याशियों को अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है जिन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने की इच्छा प्रकट की और भाजपा ने उन्हें अपनी विचारधारा के निकट पाया।
इसी बीच उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद वत्स के नेतृृत्व में 38 कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई। वहीं युवा कांग्रेस के महामंत्री मनोज अग्रवाल सहित 10 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सांसद महेश गिरी, पार्टी के मीडिया प्रमुख प्रवीण कपूर, प्रवक्ता हरीश खुराना, नवीन कुमार एवं तजिंदर सिंह बग्गा भी उपस्थित थे।