वाराणसी में इस वक्त देशभर के नेताओं का जमावड़ा है। इसकी वजह है कि इस सीट पर देश के दिग्गज नेताओं की ही नहीं उनकी पार्टी की भी साख दांव पर लगी है।
बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ ही कांग्रेस से अजय राय की उम्मीदवारी ने बनारस का सियासी तापमान गरमा दिया है।
इस सियासी गर्मी के बीच केजरीवाल के विरोधियों ने उनके खिलाफ एक बड़ा अभियान छेड़ा है।
'केजरीवाल ने दिया है दिल्ली को धोखा'
दरअसल, वाराणसी लोकसभा सीट पर बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ ताल ठोकने वाले AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल को धोखेबाज करार देने के लिए बीजेपी ने ये अभियान छेड़ा है।
राजधानी के भाजपाई अब वाराणसी में आम आदमी पार्टी को बेनकाब करेंगे। इस अभियान को भाजपा ने ‘सावधान वाराणसी! केजरीवाल ने दिल्ली को धोखा दिया है’ नाम दिया है।
इसके लिए बीजेपी के दिग्गज नेताओं की एक टीम काम कर रही है।
'बनारस में जारी किया दिल्ली का प्लान'
राज्यसभा सांसद व पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि ‘आप’ के संयोजक वाराणसी में घोषणापत्र जारी कर वहां के वोटरों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की पार्टी ने ठीक वैसा ही घोषणापत्र बनारस में जारी किया है जैसा कि वह दिल्ली में कर चुके हैं।
केजरीवाल वाराणसी में पानी की कमी को दूर करने का वादा कर रहे हैं, लेकिन वो दिल्ली में 98 प्रतिशत जनता को भी फ्री पानी का लाभ नहीं दे पाए। उल्टे पानी के दाम 10 प्रतिशत बढ़ा दिए गए।
भाजपा कार्यकर्ता वाराणसी में नुक्कड़ सभाएं कर लोगों को बताएंगे कि किस तरह केजरीवाल ने दिल्ली में गैर जिम्मेदाराना व्यवहार किया।