राजधानी दिल्ली में आजकल एक मुद्दा जो सबसे ज्यादा गरमाया हुआ है- दिल्ली में बीजेपी की ओर से सीमए कैंडिडेट कौन होगा? इसके पीछे कई वजहें भी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही सीएम इन वेटिंग की भी तलाश जारी है। लेकिन इस बीच बीजेपी नेताओं के बीच छिड़ी सीएम बनने की जंग ने माहौल को बदल दिया है।
बीजेपी नेता खुद को दिल्ली का सीएम उम्मीदवार प्रोजेक्ट करने की धुन में पोस्टर से लेकर फेसबुक तक सक्रियता दिखा रहे हैं। इसके लिए बाकायदा एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।
'दिल्ली फॉर गुड गवर्नेंस'
दिल्ली की सीएम उम्मीदवार के लिए अब जो नाम उभर कर सामने आया है वह है नई दिल्ली से सांसद मीनाक्षी लेखी का। लेखी के समर्थन में प्रचार करते हुए उनके लोकसभा क्षेत्र में धुआंधार पोस्टर लगाए जा रहे हैं।
लेखी को सीएम प्रोजेक्ट करने के लिए उनके समर्थकों ने दिल्ली फॉर गुड गवर्नेंस के नाम से एक ग्रुप बनाया हुआ है। यही ग्रुप नई दिल्ली क्षेत्र में पोस्टर लगाकर लेखी के लिए समर्थन जुटा रहा है।
ऐसा ही कुछ काम बीजेपी नेता जगदीश मुखी के समर्थकों ने भी किया है। मुखी के समर्थकों ने उनके नाम से फेसबुक पेज बनाकर उनकी उम्मीदवारी के लिए दम भरा है।
चुनावी आहट के बीच पोस्टर वार
पोस्टर वार के बारे में जब मीनाक्षी लेखी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का फैसला होगा कि कौन दिल्ली के सीएम पद के लिए उपयुक्त है।
डॉ. हर्षवर्धन के केंद्रीय कैबिनेट में शामिल होने के बाद से ही दिल्ली बीजेपी के मुखिया की खोज शुरू कर दी गई है। इस पद को पाने के लिए बीजेपी का हर नेता आतुर दिख रहा है।
बीजेपी के एक सीनियर नेता ने बताया कि हर्षवर्धन के बाद अब दिल्ली बीजेपी को एक मुखिया की सख्त जरूरत है। दिल्ली में दोबारा चुनाव होने की आहट के कारण यह तलाश और तेज हो चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए बीजेपी जल्द ही इस पद के लिए उपयुक्त नाम की घोषणा कर देगी।
दो नाम हैं सबसे आगे!
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष पद के लिए फिलहाल दो नाम सबसे आगे चल रहे हैं। ये नाम हैं सतीश उपाध्याय और आशीष सूद। जबकि बहुत से लोग दिल्ली बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता संजय कौल के नाम पर भी मुहर लगाने को जोर दे रहे हैं।
इस सब के बीच दिल्ली से बीजेपी विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी सरकार बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि राजधानी में पार्टी अभी चुनाव नहीं चाहती।
यदि ऐसा होता है तो बीजेपी को तत्काल एक सीएम उम्मीदवार चाहिए होगा जो पार्टी का चेहरा बन सके। शुरूआती दिनों में यह चर्चा थी कि हर्षवर्धन ही सीएम पद के उम्मीदवार होंगे। हालांकि इसी बीच कई बार यह भी सुनने में आया कि बीजेपी दिल्ली में किरण बेदी को सीएम पद का उम्मीदवार बना सकती है।
कांग्रेस और AAP को तोड़कर बनेगी सरकार!
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में बीजेपी ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। सरकार बनाने के लिए पार्टी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नाराज नेताओं को तोड़ने की फिराक में है।
ऐसा माना जा रहा है कि सरकार बनाने के लिए प्रयास कर रहे इन पार्टियों के विधायक बीजेपी का साथ दे सकते हैं। हालांकि पार्टी के सामने सबसे बड़ा संशय इसी बात को लेकर है कि आखिर दिल्ली में भाजपा का चेहरा कौन होगा।
जगदीश मुखी, मीनाक्षी लेखी, रामबीर सिंह बिधूड़ी के अलावा कुछ और नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि इन सभी की नेतृत्व क्षमता पर पार्टी आलाकमान को थोड़ा संशय है।