दिल्ली में चल रहे बिजली-पानी के संकट और राजनीतिक माहौल के बीच आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा इल्जाम लगाया है।
दिल्ली में किसी के समर्थन से सरकार बनाने से इंकार कर चुके अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया है। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी उनके आठ विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रही है।
केजरीवाल के इस आरोप पर भाजपा के दिग्गज नेता शाहनवाज हुसैन ने भी पलटवार किया है।
शाहनवाज हुसैन ने दिया ये बयान
दरअसल, आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि बीजेपी उनके 8 विधायकों को तोड़ने की कोशिश में लगी है। इसके लिए पार्टी के नेता कई दिनों से लगातार विधायकों से संपर्क कर रहे हैं।
केजरीवाल के इस बयान से दिल्ली का सियासी तापमान एक बार फिर गरम हो गया है। आप और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
केजरी के बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केजरीवाल का काम सिर्फ आरोप ही लगाना है। उन्होने कहा कि केजरीवाल का काम है रोज सुबह उठना और एक इल्जाम बीजेपी पर लगा देना।
सिसोदिया ने किया समर्थन
एक टीवी चैनल के अनुसार, दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी पार्टी के मुखिया केजरीवाल के आरोपों का समर्थन किया है।
सिसोदिया ने बताया कि बीजेपी, उनकी पार्टी की तोड़ना चाहती है लेकिन ये ख्याल उन्हें अपने मन से निकाल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के साथी बहुत मजबूत और ईमानदार हैं। वो किसी भी प्रकार के लालच में नहीं आने वाले।
सिसोदिया और केजरीवाल दोनों ने ही एक बार फिर दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराने की मांग की है।