दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 40 करोड़ रुपये की आइस ड्रग्स पकड़ी है, उसमें एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। मुंबई में ड्रग्स के नेटवर्क को जहां मुंबई से सपा विधायक अबू आजमी के भतीजे अबू असलम ने संभाल रखा था।
वहीं इस नेटवर्क को दिल्ली में कई बार विधायक रहे भाजपा के बड़े नेता के भतीजे अमित अग्रवाल ने संभाल रखा था। सपा नेता का भतीजा ड्रग्स को मुंबई से दिल्ली भेजवाता था। वहीं भाजपा नेता का भतीजा ड्रग्स को दिल्ली में सप्लाई करने के अलावा विदेश भिजवाता था।
स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अमित अग्रवाल भारत में एक कंपनी का डिलीवरी ठेकेदार है। उसने महिपालपुर में प्रेफर लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी खोल रखी है। इस कार्यालय की आड़ में वह ड्रग्स का गोरखधंधा कर रहा था। इससे पहले इसका पंजाब में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय था।
मुंबई से अबू असलम ने जो ड्रग्स आइस भेजी थी, उसे दिल्ली होकर लंदन जाना था। दिल्ली से उसे अमित अग्रवाल अमेजॉन के कोरियर में पैक करवाकर लंदन भेजता। स्पेशल सेल ने जब अमित को महिपालपुर से गिरफ्तार किया था, उस समय वह डेढ़ करोड़ रुपये की मर्सिडीज कार में आइस ड्रग्स लेकर आया था। स्पेशल सेल ने मर्सिडीज कार को जब्त कर लिया है।