नोएडा में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य राजेंद्र जैन ने बृहस्पतिवार को सपा का दामन थाम लिया। उन्होंने प्रभारी मंत्री नारद राय एवं पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह नागर की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जैन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर भाजपा में सिर्फ एक व्यक्ति की चल रही है।
वहीं, सपा प्रत्याशी काजल शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ भंगेल, सलारपुर, सेक्टर-82, 93, 110, 41 और 46 जनसंपर्क किया। दूसरी तरफ कैबिनेट मंत्री रामशकल गुर्जर और नरेंद्र भाटी की मौजूदगी में सेक्टर-110 में गुर्जर समाज की बैठक हुई।
इस अवसर पर विधायक गुड्डू पंडित, सूबे यादव, मीडिया प्रभारी राघवेंद्र दुबे, फकीर चंद नागर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उधर, गढ़ विधायक मदन चौहान और उनके भाई अशोक चौहान के नेतृत्व में एक टीम ने नोएडा के विभिन्न संगठनों से मिलकर पार्टी के लिए समर्थन मांगा।
प्रवासी नागरिक महासंघ के अध्यक्ष मुन्ना कुमर शर्मा ने सेक्टर-20 सामुदायिक भवन, जनवादी महिला समिति की अध्यक्ष लता सिंह, सीपीआई के नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने सेक्टर-15 झुग्गी और व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हुलास राय सिंघल व सचिव आरएस गौर ने व्यापारियों से मिलकर प्रत्याशी के लिए वोट मांगे।