भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के गुरु रहे अन्ना हजारे का दरवाजा खटखटाया है। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने अन्ना से जंतर-मंतर पर आकर आम आदमी पार्टी ने गत 18 माह में किए कुकृत्यों पर वक्तव्य देने का आग्रह करते हुए पत्र लिखा है।
पत्र में कहा गया है कि आप व उसकी सरकार ने डेढ़ साल के दौरान ऐसे काम किए हैं, जिससे देश की जनता शर्मसार है।
दिल्ली की जनता ने आप और उसके मुखिया केजरीवाल को अन्ना हजारे द्वारा चलाए जनांदोलन की ईमानदार उपज के रूप में देखकर सत्ता सौंपी थी, लेकिन जिस तरह केजरीवाल सरकार ने जनता के साथ एक के बाद एक धोखा किया है, उससे जनता निराश है।
आप व उसकी सरकार असंवेदनशील, शब्दों से पीछे हट जाने वाली, भ्रष्टाचार व घोटालों में लिप्त सरकार ही नहीं, बल्कि दुराचारियों से परिपूर्ण साबित हुई है।