रेप की घटना पर प्रदेश भाजपा ने दिल्ली प्रशासन पर निशाना साधा है। भाजपा का कहना है कि चुनी हुई सरकार नहीं होने के कारण नौकरशाह लापरवाही बरत रहे हैं। हालांकि, भाजपा ने इस मामले में दिल्ली पुलिस के कामकाज की सराहना की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय व सांसद मीनाक्षी लेखी ने पत्रकार सम्मेलन में कहा कि मामले में दिल्ली प्रशासन की भूमिका काफी नकारात्मक रही है। प्रशासन को केंद्र सरकार से 300 करोड़ रुपये मिले हैं, ताकि पूरी दिल्ली को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया जा सके।
यह कैमरे लग गए होते तो यह नौबत नहीं आती। भाजपा ने दिल्ली महिला आयोग को भी इस मामले में विफल बताया। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी मिला। इस दौरान उनसे मांग की गई कि दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और उत्थान के लिए सांसदों की एक कमेटी का गठन किया जाए। पार्टी ने जल्द ही महिला सुरक्षा के लिए एक ऐप शुरू करने की बात को दोहराया।