कभी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीब रहे पूर्व विधायक व मंत्री व फिलहाल भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली सरकार के खिलाफ बृहस्पतिवार को एक मुहिम लांच की है। पांच साल से दिल्ली ठप हैशटैग के साथ इसे सोशल मीडिया के जरिए आगे बढ़ाया जा रहा है। कपिल बाण नाम की टैग लाइन से कपिल मिश्रा हर दो-तीन घंटों में दिल्ली सरकार के किसी एक चुनावी वायदे पर चर्चा करते हुए एक वीडियो रिलीज कर रहे हैं।
इसके जरिए कपिल मिश्रा दिल्ली सरकार की नाकामियों को दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर तक डीटीसी बसों व अस्पतालों में बेड की संख्या से जुड़े दो वीडियो कपिल मिश्रा ने जारी भी कर दिए हैं। कपिल मिश्रा का आरोप है कि दिल्ली सरकार बीते पांच साल में अपने किसी चुनावी वायदे को पूरा नहीं कर सकी है। पांच साल से दिल्ली ठप अभियान से हम दिल्ली के लोगों को हकीकत बता रहे हैं। जिन आंकड़ों पर अभियान खड़ा है वह सारे सरकारी हैं। इसमें हमने अपनी तरफ से कुछ भी नहीं जोड़ा है।
कपिल ने बताया कि 40 चुनावी वायदों की पहचान की गई है। अगले दस दिनों में अभियान पूरा कर लिया जाएगा। एक मसले पर एक से सवा मिनट का वीडियो बनाया जा रहा है। कपिल मिश्रा ने बताया कि इसके बाद सोशल मीडिया के सभी फोरम पर सरकार की कहानी सरकार की जुबानी अभियान चलेगा।
इसमें आरटीआई, दिल्ली विधानसभा में सरकार के दिए गए जवाब समेत दूसरे सरकारी दस्तावेजों के आंकडो को लोगों के बीच ले जाया जाएगा। कपिल ने बताया कि दिल्ली के ज्यादातर व्हाट्सएप नंबरों पर अभियान की क्लिप भेजी जा रही है। साथ ही फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, यूट्यूब समेत दूसरे सोशल नेटवर्किग साइट पर भी इसे शेयर किया जा रहा है। दिल्ली प्रदेश भाजपा के सोशल नेटवर्किंग फोरम पर भी यह अभियान चल रहा है।