प्रदेश भाजपा के लिए बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक वेद प्रकाश को तोड़कर आम आदमी पार्टी में सेंध लगाना भारी पड़ता दिख रहा है। भाजपा ने आप से आए वेदप्रकाश को ही बवाना विस क्षेत्र के उपचुनाव में उतार दिया है।
यह निर्णय इलाके के भाजपाइयों को रास नहीं आ रहा है। वह पार्टी के निर्णय का अंदर खाने विरोध कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वेदप्रकाश को टिकट देने का इलाके के दो पूर्व विधायक कड़ा विरोध कर रहे हैं।
इनमें से एक ने तो पार्टी से बगावत करके चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। उनको दूसरे इलाके के पूर्व विधायक का समर्थन भी मिल रहा है। इसी तरह कई पूर्व पार्षद भी उनको समर्थन देने का वायदा कर चुके हैं। इनके बगावत करने से भाजपा की राह आसान नहीं रहेगी।
सूत्र बताते हैं कि बवाना विस क्षेत्र के उपचुनाव के प्रभारी बनाए गए सांसद प्रवेश वर्मा नाराज नेताओं को मनाने में जुटे है, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है। नाराज नेताओं में कई ऐसे हैं जो कभी प्रवेश वर्मा और उनके पिता साहिब सिंह के करीबी थे। मगर अब उनके प्रवेश वर्मा से अच्छे संबंध नहीं बताए जा रहे हैं।