नई दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार बांसुरी स्वराज चुनाव प्रचार के दौरान घायल हो गईं हैं। उनकी आंख में चोट लगी है। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडियो प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है। बांसुरी ने अपनी आंख के इलाज के बाद डॉक्टर के साथ तस्वीर भी साझा की है। उन्होंने इलाज और देखभाल के लिए मोती नगर के डॉ. नीरज वर्मा को भी धन्यवाद दिया।
बांसुरी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आज चुनाव प्रचार के दौरान मेरी आंख में हल्की चोट लग गई। वहीं, आंख में चोट लगने के बाद भी बांसुरी स्वराज ने जन संपर्क अभियान किया। बांसुरी स्वराज रमेश नगर के सनातन धर्म मंदिर में आयोजित माता की चौकी में शामिल हुईं। उन्होंने यहां दूर्गा की पूजा की और उनका आशीर्वाद लिया।
बता दें कि भाजपा ने नई दिल्ली सीट से मीनाक्षी लेखी का टिकट काटकर उनकी जगह बांसुरी स्वराज को मैदान में उतारा है। जिसके बाद से बांसुरी लगातार चुनाव प्रचार में लगी हैं।
कौन हैं बांसुरी स्वराज
बांसुरी स्वराज पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी हैं। उनका जन्म दिल्ली में 1982 में हुआ था। बांसुरी स्वराज को वर्ष 2007 में बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में नामांकित किया गया था। उन्हें कानूनी पेशे में करीब डेढ़ दशक का अनुभव है। उन्होंने वारविक विश्वविद्यालय से बीए (ऑनर्स) अंग्रेजी साहित्य में स्नातक की पढ़ाई की थी।
इसके बाद बांसुरी ने लंदन के प्रतिष्ठित बीपीपी लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई किया। उन्होंने लॉ में बैरिस्टर के रूप में योग्यता प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सेंट कैथरीन कॉलेज से अपनी मास्टर ऑफ स्टडीज पूरी की।
स्वराज ने कई उच्च प्रोफाइल वाले मुवक्किलों का प्रतिनिधित्व किया है। उनके पेशेवर पोर्टफोलियो में अनुबंध, रियल एस्टेट, कर, अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक मध्यस्थता के साथ-साथ कई आपराधिक मुकदमों से जुड़े विवाद शामिल हैं। स्वराज को उनकी निजी प्रैक्टिस चलाने के साथ-साथ हरियाणा राज्य के लिए अतिरिक्त महाधिवक्ता के रूप में नियुक्त किया गया था। पिछले साल बांसुरी स्वराज को भाजपा ने दिल्ली प्रदेश के विधि प्रकोष्ठ का प्रदेश सह- संयोजक बनाया था। अबकी बार भाजपा ने लोकसभा चुनाव में उन्हें मैदान में उतारा है।