दिल्ली में सरकार बनाने को लेकर भाजपा नेता अब मुखर होने लगे हैं। भाजपा विधायक भी दोबारा चुनाव में जाना नहीं चाहते और अन्य पार्टियों के सहयोग से दिल्ली में अपनी सरकार बनाने के पक्ष में दिखाई पड़ रहे हैं।
भाजपा विधायक प्रो. जगदीश मुखी तो पहले ही कह चुके हैं दिल्ली वालों पर चुनाव थोपना जल्दबाजी होगी।
सोमवार को भाजपा विधायक कुलवंत राणा ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली में सरकार भाजपा को बनानी चाहिए।
आप का समर्थन भी मंजूर
भाजपा विधायक कुलवंत राणा ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि आम आदमी पार्टी के भी विधायक अगर भाजपा को समर्थन देते हैं तो उनका समर्थन लिया जा सकता है। एक और चुनाव होने से जो चुनावी खर्च होगा उसका बोझ भी दिल्ली की जनता पर ही पड़ेगा।
भाजपा विधायक नरेश गौड़ ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को मैनडेट दिया है। लिहाजा सरकार बनानी चाहिए।
हालांकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने सीधे तौर पर कहा है कि भाजपा जोड़तोड़ कर दिल्ली में अपनी सरकार नहीं बनाएगी।
पहले भी साध चुके हैं संपर्क!
आम आदमी पार्टी के रोहिणी के विधायक राजेश गर्ग ने हाल ही में भाजपा नेता जगदीश मुखी पर आप विधायकों से संपर्क साधने का आरोप लगाया था।
राजेश गर्ग के अनुसार भाजपा दिल्ली में सरकार बनाने के लिए आप विधायकों को तोड़ना चाहती है। उनके अनुसार लोकसभा चुनावों के दौरान भाजपा नेता जगदीश मुखी ने वाराणसी जाते वक्त ट्रेन में आप विधायकों से संपर्क साधना चाहते थे।
उनके मुताबिक भाजपा की ओर से उन्हें भी करोड़ों रुपये की पेशकश की थी। ऐसे में अब भाजपा नेताओं के समर्थन लेने का बयान आया है। गौरतलब है कि हाल ही आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार बनाने की मंसा जाहिर की थी।
केजरी ने बुलाई AAP विधायकों की बैठक
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सभी विधायकों की बैठक बुलाई। इस बैठक को लेकर उत्सुकता इसलिए बढ़ गई कि यह बैठक ठीक भाजपा के आप समर्थन को तैयार होने वाले बयान के बाद बुलाई गई थी।
करीब दो घंटे तक चली बैठक में केजरीवाल ने मोहल्ला सभा के बारे में बात की। पार्टी पदाधिकारियों की मानें तो इस दौरान विधायकों को निर्देश दिया गया है कि सभाओं के साथ संगठन का ढांचा भी तैयार किया जाए।
इसमें खास जोर बूथ स्तर की कमेटियों पर दिया गया। इस दौरान केजरीवाल के कार्यकर्ताओं के नाम से जारी चिट्ठी को बांटने की बात भी कही गई।