किरण बेदी के बीजेपी में शामिल होने के बाद आखिरकार जब केजरीवाल बोले तो उन्होंने साफ किया कि बीजेपी हार का ठीकरा फोड़ने के लिए किसी ना किसी को लाना चाहती थी, इस वजह से वो अब किरण बेदी को ले आए हैं।
हालांकि केजरीवाल किरण बेदी के बारे में साफ तौर पर कुछ भी बोलने से इंकार करते नजर आए, उन्होंने कहा कि हम किरण पर हमला क्यों करेंगे। हम तो जीत रहे हैं। बीजेपी एक डूबता हुआ जहाज है।
पिछले चुनावों में तो हमें अपना चुनाव चिह्न लोगों के बीच ले जाना था, लेकिन अब सभी को पता है कि सीधी टक्कर आम आदमी पार्टी और बीजेपी में है। ऐसे में अब आम आदमी पार्टी को जीतने से कोई नहीं रोक सकता। लोग हमसे डरे हुए हैं।
किरण बेदी पर हमले से बच रही हैं आप
आपको बता दें कि लगातार बीजेपी पर हमले करने वाली आम आदमी पार्टी किरण बेदी पर हमले करने से बच रही है। केजरीवाल ने साफ कहा कि वो मुकाबले को तैयार हैं। उन्हें किसी से कोई खतरा नहीं है।
हालांकि इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने किरण के बीजेपी में शामिल होने पर उन्हें जयचंद तक कह दिया था। भले ही किरण के नाम पर केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी ने चुप्पी साध ली, लेकिन कुमार विश्वास ने इस मसले पर आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है।
कुमार विश्वास ने तो ये भी कह दिया था कि बीजेपी के पास ऐसा कोई उम्मीदवार नहीं था जो केजरीवाल का मुकाबला कर सके, इस वजह से किरण बेदी को आयात किया गया है।
इन्हें ये काम नहीं आता तो हम सिखा देते हैं
केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर वार करते हुए कहा कि जब हम 49 दिन के अंदर रिश्वतखोरी बंद करवा सकते हैं तो बीजेपी इसे सात महीने के शासन काल में क्यों नहीं खत्म कर सकती।
अगर इनकों ये काम नहीं करना आता है तो ये हमसे कहें हम इन्हें भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना सिखा देंगे। आपको बता दें कि इससे पहले केजरीवाल पर नरेन्द्र मोदी रामलीला मैदान की रैली में आरोप लगा चुके हैं।
मोदी ने कहा था कि इन्हें सरकार चलाना नहीं आता बल्कि ये लोग सिर्फ धरना देना जानते हैं। केजरीवाल का ये बयान उसी के पलटवार के तौर पर माना जा रहा है।
4 बच्चे संभालने के लिए बीजेपी पैसा देगी क्या: केजरीवाल
अशोक सिंघल और बीजेपी नेताओं के बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए केजरीवाल बोले कि हमारे पास दो बच्चे संभालने के लिए पैसे तो हैं नहीं।
चार बच्चे संभालने के लिए बीजेपी पैसा देगी क्या। पूरी की पूरी बीजेपी महिलाओं के पीछे पड़ गई है साहब। उनकी बेहतरी के लिए काम नहीं करती।
आपको बता दें कि केजरीवाल ने किरण बेदी की राजनीति में आने पर खुशी जाहिर करते हुए ट्वीट किया था कि हमने उन्हें मनाने की बहुत कोशिश की थी, लेकिन वो पहले नहीं आई अब आईं हैं तो अच्छी बात है।
अरविंद और आम आदमी पार्टी फिलहाल किरण बेदी से सीधी टक्कर लेने के मूड में नहीं हैं और बीजेपी पर ही हमला कर रहे हैं। वहीं आप के नेता कुमार विश्वास जरुर किरण बेदी के खिलाफत में नजर आ रहे हैं।