सेल्स मैनेजर गौरव चंदेल हत्याकांड की गाज आखिरकार लापरवाह पुलिसकर्मियों पर गिर गई। सीओ बिसरख की जांच रिपोर्ट के बाद कोतवाली प्रभारी मनोज पाठक, गौड़ सिटी चौकी इंचार्ज वीरपाल तोमर, गढ़ी चौखंडी चौकी इंचार्ज मानसिंह और उस दौरान रात्रि अफसर रहे उप निरीक्षक राजेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया गया। वहीं, चेरी काउंटी चौकी इंचार्ज सनी जावला को लाइन हाजिर किया गया है।
सोमवार रात सेल्स मैनेजर गौरव चंदेल की गुरुग्राम स्थित कंपनी से घर लौटने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने कार आदि सामान लूटकर हत्या कर दी थी। गौरव ने दस मिनट में घर आने के लिए पत्नी को फोन पर जानकारी दी थी।
गौरव का मोबाइल बंद होने पर पत्नी प्रीति को अनहोनी की आशंका होने लगी थी और वह पड़ोसियों व सोसायटी के अन्य लोगों के साथ रात में बिसरख कोतवाली पहुंची। प्रीति का आरोप था कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसे अगले दिन सुबह 10 बजे आने के लिए कहा।
इसके बाद प्रीति व अन्य लोगों ने रात में ही गौरव को तलाश किया और मंगलवार सुबह सुबह 4:40 बजे उसका शव फेज-3 थाना क्षेत्र से बरामद हुआ। परिजन रात भर बिसरख और फेज 3 थाना क्षेत्र में भटकते रहे। घटना के बाद से परिजन व ग्रेनो वेस्ट के लोगों का गुस्सा पुलिस पर फूट रहा है।
शुक्रवार को भी आईजी और मंडलायुक्त के सामने परिजनों व लोगों ने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। इसके बाद ही आईजी ने लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही थी।
इस कार्रवाई के बाद जिले के सभी थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी के अलावा पुलिस कर्मियों को भी किसी भी पीड़ित की सूचना देने पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।