सीरिया और इराक के बड़े हिस्सों को कब्जाने वाले खूंखार आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के भारत के खिलाफ जंग का ऐलान करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे बड़ा दुश्मन करार दिए जाने के बाद दादरी के बिसाहड़ा कांड के पीड़ित सरताज ने आईएस को करारा जवाब दिया है।
इंडियन एयरफोर्स में तैनात सरताज ने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा कि वह अपने चुने हुए नेता और प्रधानमंत्री के साथ हर पल खड़े हैं।
आईएस की प्रॉपेगेंडा पुस्तक ‘फ्यूचर इस्लामिक स्टेट बैटल्स के मुताबिक हिंदू का वह आंदोलन बढ़ रहा है, जो प्रतिबंधित पशु की हत्या करने पर मुस्लिमों की हत्या कर देता है।
वह हर पल अपने देश के साथ
दादरी के बिसाहड़ा गांव में प्रतिबंधित पशु खाने के मामले में भीड़ ने इकलाख की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी और उसके बेटे दानिश को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
दानिश का बड़ा भाई सरताज ने अस्पताल में दो माह से ज्यादा का समय उसके साथ बिताया। फिलहाल दानिश की तबीयत पहले से बेहतर है।
मामले को मुद्दा बनाते हुए आईएस की भारत के खिलाफ जंग छेड़ने पर सरताज ने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा कि वह हर पल अपने देश, नेता, प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं।
कोई विवाद है भी तो उसे हमारा देश खुद निपटा लेगा
कोई भी बाहरी और नापाक ताकत का कोई हक नहीं है, जो उनके देश को धमकी दे। अगर कहीं कोई विवाद है भी तो उसे हमारा देश खुद निपटा लेगा। सरताज ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के सदस्य बाद में हैं, पहले सच्चे भारतवासी और सिपाही हैं।
मालूम हो कि दो दिन पहले संसद में भी सरताज के उस पत्र को गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पढ़कर सुनाया था, जिसमें उसने कैलाश अस्पताल को लिखकर दिया था कि दानिश के इलाज के दौरान सभी का भरपूर सहयोग मिला है।
किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई।