बिसाहडा कांड में पुलिस की जांच के बाद 19 अभियुक्तों पर आरोप तय होने के बाद पुलिस के डर से गांव छोड़कर गए करीब ढाई सौ युवकों को राहत मिल गई है। अब युवकों ने गांव आना शुरू कर दिया है।
हालांकि, पुलिस अभी नौ आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसके लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, दबिश के कारण गांव वालों ने भी इनकी पहचान कर ली है।
मामले में पीड़ित परिवार के लोगों ने पहले 10 नामजद और 240 अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में नौ युवकों के नाम और सामने आए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पहले अज्ञात के नाम पर पुलिस किसी परिवार के युवकों को गिरफ्तार कर ले इसे लेकर डर का माहौल था, जिससे गांव से करीब 250 से अधिक युवक चल गए थे जो तीन माह से गांव से बाहर अपने रिश्तेदारों में रह रहे थे।
मामले में जांच के बाद नौ युवकों के आरोप तय होने के बाद राहत मिली है और युवक धीरे-धीरे लौट रहे हैं। दिसंबर के अंत तक सभी युवकों के गांव लौटने की संभावना है।