संजय नगर के-ब्लाक में बाइक सवार दो बदमाशों ने सोमवार रात करीब नौ बजे दीप्ति से हैंडबैग लूट लिया। बैग में सैलरी के मिले 15000 रुपये, दो मोबाइल और आईडी कार्ड था। हालांकि दिप्ति काफी देर लुटेरों से जूझी।
इस दौरान आसपास के लोग भी जमा हो गए थे, मगर किसी ने भी मदद नहीं की। लोग हिम्मत करते तो बदमाश पकड़े जा सकते थे। एक बदमाश विकलांग था, वह छड़ी लेकर चल रहा था। दीप्ति ने बताया कि वह दिल्ली में डेंटल क्लीनिक में जॉब करती है।
रोजाना ऑटो से घर आती है, लेकिन सोमवार को ऑटो वाले ने जल्दी में उसे घर के सामने छोड़ने के बजाय के-ब्लाक की गली में छोड़ दिया। वह पैदल घर की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में खड़े दो बदमाश उससे हैंडबैग लूटने लगे।
वह लुटेरों से भिड़ गई, बैग नहीं छोड़ा। खींचतान में उसके हाथ भी जख्मी हो गए। उसकी पकड़ ढीली पड़ गई और बाइकर्स बैग लूटकर भाग गए। इस दौरान आसपास के लोग भी आ गए, मगर सब मूकदर्शक बने रहे।
होंडा सिटी में आए बदमाशों ने सीए से 25 हजार लूटे
मंडी के सामने कार ओवरटेक कर पांच बदमाशों ने मोदीनगर निवासी चार्टेड अकाउंटेंट धीरज गुप्ता से गन प्वाइंट पर हजारों रुपये लूट लिए। बदमाशों में से एक पुलिस की वर्दी में था, जिसने कोहरे का फायदा उठाकर अकाउंटेंट की कार को रुकवाया।
कार से नीचे उतरते ही अन्य चार बदमाश भी आ गए और गन प्वाइंट पर सीए को कार में डालकर पास के एटीएम पर ले गए। बदमाशों ने सीए के पर्स और एटीएम से निकलवाकर 25 हजार रुपये लूट लिए।