-भलस्वा डेयरी के मुकुंदपुर इलाके की घटना, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस किया
-सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भलस्वा के मुकुंदपुर इलाके में कार टच करने पर हुए विवाद के बाद एक बाइक सवार ने कार चालक पर गोली चला दी। गोलीबारी में पीड़ित अरविंद कुमार पांडे बाल बाल बच गया। आरोप है कि गोलीबारी के बाद आरोपी ने पथराव कर उसकी कार समेत दो कारों के शीशे तोड़ दिए। घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस ने हत्या का प्रयास का केस कर कर आरोपी की तलाश कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि बुधवार को भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को गली नंबर 6, मुकुंदपुर में गोली चलाने और गाड़ी में तोड़फोड़ की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पुलिस को शिकायतकर्ता मुकुंदपुर-II गली नंबर छह निवासी अरविंद कुमार पांडे मिला। उसने बताया कि वह निजी कंपनी में काम करता है। वह शाम करीब 4.50 बजे गली नंबर 6, मुकुंदपुर में अपनी कार बैक कर रहा था, इसी दौरान एक बाइक से उसकी कार टच कर गई। इस बात को लेकर बाइक सवार उससे कहासुनी करने लगा। फिर वह धमकी देकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह पिस्टल लेकर आया और उसकी तरफ निशाना कर गोली चला दी। हालांकि गोली उसे नहीं लगी। उसके बाद आरोपी ने पथराव कर दिया। जिससे गली में खड़ी दो कारों के शीशे टूट गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी वहां से भाग गया। पुलिस को मौके पर छानबीन के दौरान खोखे नहीं मिले। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस आस पास के सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।