उत्तर-पूर्वी दिल्ली दयालपुर इलाके में ब्रजपुरी पुलिया के पास हुआ हादसा, चालक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली दयालपुर स्थित ब्रजपुरी पुलिया पर शनिवार सुबह एक बेलगाम मेट्रो फीडर बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गंभीर हालत में पीड़ित असगर अली सैफी (55) को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनको मृत घोषित कर दिया गया।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला है कि हादसे के समय असगर ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच जाती। पुलिस ने बाइक व बस कब्जे में लेकर मेट्रो फीडर के चालक राजविंदर सिंह (53) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि असगर परिवार के साथ गली नंबर-25/3, ओल्ड मुस्तफाबाद इलाके में रहता था। असगर पेशे से कारपेंटर थे। यह लकड़ी का काम करवाने के ठेके लेते थे। पिछले कुछ दिनों से इनका काम घोंडा गांव में चल रहा था। सुबह करीब 8.30 बजे यह नाश्ता करने के बाद अपनी बाइक से घोंडा के लिए निकले। इस बीच ब्रजपुरी पुलिस पर बस ने इनको टक्कर मार दी।
क्राइम व एफएसएल ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। असगर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस मेट्रो फीडर बस के चालक राजविंदर से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में बस चालक की लापरवाही सामने आई है।