बिहार से बहुएं लाने संबंधी बयान देने पर निशाना बने भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़ के बचाव में सामाजिक पंचायत महरोली-360 के प्रधान चौ. गोवर्धन सिंह और जींद की नौगांवां खाप भी सामने आ गई है।
गोवर्धन सिंह ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि धनखड़ ने कुछ गलत नहीं कहा है। चौ. गोवर्धन ने कहा कि हरियाणा प्रदेश में लगातार गिर रहा लिंगानुपात गंभीर चिंता का विषय है और भविष्य में इस मुद्दे को लेकर महरोली-360 खाप के नेतृत्व में महापंचायत बुलाई जाएगी।
रीति रिवाज से होगी बिहारी लड़कियों से शादी
गोवर्धन सिंह ने भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के दूसरे राज्यों से रिश्ते नाते जोड़ने व बिहार से दुल्हन लाने संबंधी बयान का समर्थन किया और कहा कि ये शादियां अवैध तरीके से न करवाकर पूर्ण सामाजिक रीति रिवाज के साथ होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय विवाह को सकारात्मक रूप से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार से युवाओं की शादी के मामले को लेकर उनकी मंशा गलत नहीं थी, बल्कि मीडिया को इसको समझने में चूक हुई।
पहले भी होती रही हैं बिहार में शादियां
जींद नौगांवां खाप के प्रवक्ता व सर्वखाप पंचायत की कोर कमेटी के सदस्य आजाद सिंह तंवर ने प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा के नेता ओमप्रकाश धनखड़ ने बिहार से विधिवत शादी कराने की बात कही थी।
यह बात छिपी नही है कि आज हरियाणा के युवा बिहार-उड़ीसा व अन्य प्रदेशों की लड़कियों से गैर पारंपरिक तरीके से शादी कर रहे हैं। इसका परिणाम यह होता है कि हमारा समाज उन दुल्हनों को पूर्ण सम्मान की दृष्टि से नहीं देखता है।
तंवर ने कहा कि आज बिहार के बडे़ नेता लालू प्रसाद यादव व शरद यादव की बेटियां हमारी बहुएं हैं और पूरे सामाजिक रीति-रिवाज के साथ उनकी शादियां हरियाणा के बेटों से हुई हैं।