कारों के शौकीन लोगों को ग्रेटर नोएडा एक्सपो मार्ट में चहलकदमी करते हुए मंजिल पर पहुंचना होगा। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स (एसआईएएम) ने साइट प्लान तैयार कर दिया गया है।
इसमें सभी के प्रवेश गेटों को निर्धारित करते हुए नो पार्किंग जोन बना दिया गया है। इसमें एक गेट वीआईपी, एक गेट टेबल काउंटर, दो गेट सर्विस इंट्री के लिए होंगे, जबकि आठ गेटों से पब्लिक अंदर जा सकेगी।
आटो एक्सपो 2014 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। दुनिया की बड़ी-बड़ी कार और बाइक निर्माता कंपनियां अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर तैयार हो चुकी है।
एशिया का सबसे बड़ा आटो एक्सपो पहली बार दिल्ली से बाहर आयोजित हो रही है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। ट्रैफिक पुलिस से लेकर आयोजकों ने समन्वय के साथ एक्सपो की रूपरेखा बनाना शुरू कर दिया है।
सबसे पहले पूरे एक्सपो मार्ट को नो पार्किंग जोन में तब्दील किया गया है। ऐसे में गाड़ियों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर छोड़कर शटलर सेवा से आयोजन स्थल पर पहुंचना होगा।
एसआईएएम ने साइट प्लान का खाका खींचते हुए कारों की प्रदर्शनी और बाइक के शो काउंटर को अलग-अलग करने का निर्णय लिया है। इसका मुख्य उद्देश्य एक साथ भीड़ को नियंत्रित करना है। वहीं, कार और बाइक के शौकीन एक साथ अलग-अलग जगह पर अपनी जिज्ञासा को शांत कर सकें।
एक्सपो मार्ट का साइट प्लान तैयार
1. वीआईपी प्रवेश------------------------------------गेट नंबर एक
2. टेबल काउंटर प्रवेश-------------------------------गेट नंबर दो
3. सर्विस इंट्री प्रवेश---------------------------------गेट नंबर 9 व 10
4. पब्लिक इंट्री प्रवेश--------------------------------गेट नंबर 3, 4, 5, 6, 7, 8, 11 और 12
मेट्रो स्टेशन पर मिलेंगे टिकट
एक्सपो मार्ट में आटो शो के लिए दिल्ली मेट्रो रेल को-आपरेशन (डीएमआरसी) ने एसआईएम के साथ समझौता किया है। इसमें आटो शो के टिकट मेट्रो स्टेशन पर भी मिलेंगे। यह टिकट राजीव चौक, कश्मीरी गेट, प्रगति मैदान और बॉटनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन नोएडा से खरीदे जा सकते हैं। सात फरवरी से 11 फरवरी तक सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक टिकट की बिक्री होगी। इसमें आम पब्लिक और बिजनेस आवर्स के टिकट भी मिलेंगे।