दिल्ली की राजनीति अब और रोचक हो चुकी है। अवाम नाम के एनजीओ के आम आदमी पार्टी पर लगाए गए आरोपों के बीच बीजेपी ने हमलावर रुख अख्तियार कर लिया है।
बीजेपी नेता शाजिया इल्मी अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर ज्यादा ही तीखे अंदाज में बरस पड़ी। शाजिया ने कहा कि हमने आजादी के बारे में सुना कि वह आधी रात को मिली।
हम इस खुलासे के बाद इसे हवाला एट मिड नाइट, घोटाला एट मिडनाइट कह सकते हैं। वो कंपनियां आम आदमी पार्टी को चंदा कैसे दे सकती हैं जो खुद घाटे में हैं। ये कालेधन का पैसा है।
अरविंद केजरीवाल ने ईमानदारी का चोगा पहनकर लोगों को बेवकूफ बनाते हैं। मैं तो आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता रही हूं इसे मैने बेहद करीब से देखा है। इसी घोटाले के फंड की पर्दादारी हो रही थी।
इसी वजह से मीटिंग गोपनीय तरीके से की जाती थीं। शाजिया ने ये भी कहा कि अवाम द्वारा किया गया ये खुलासा अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी की पोल खोलता है। वो सिर्फ ढोंग करते हैं।
आप को मिल रहा है हवाला का पैसा: BJP
बीजेपी नेता पियूष गोयल के मुताबिक विदेशी लोग इन कंपनियों को आधार बनाकर आम आदमी पार्टी के लिए चंदा दे रहे हैं। ये काला धन है यानि हवाला का पैसा।
जिसे इन कंपनियों के बहाने से राजनीति में इस्तेमाल किया जा रहा है। बाहरी लोग हैं जो इस पैसे की मदद से एक खास राजनीतिक पार्टी को मदद पहुंचा रहे हैं। बीजेपी के मुताबिक आम आदमी पार्टी सिर्फ ढोंग करती है।
वो इसी तरह के पैसे का इस्तेमाल कर राजनीति कर रहे हैं। आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी इस खुलासे पर कह चुकी है, कि उन्होंने जो भी पैसा चंदे के रूप में लिया है उसकी जांच हो सकती है। अगर वो दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
आप ने लिया फर्जी कंपनियों से चंदा
आप को बता दें बीजेपी ने अवाम नाम के एनजीओ के बड़े खुलासे को आधार बनाया है। इस एनजीओ के मुताबिक आप ने फर्जी कंपनियों से चंदा लिया है।
एनजीओ का कहना है कि आम-आदमी पार्टी ने एक ही शख्स के नाम पर जो चंदा लिया है वो अलग-अलग चार कंपनियों से लिया गया है। इस चंदे की रकम प्रत्येक कंपनी से 50-50 लाख की है। और इन सभी का पता झुग्गियों में है।
अवाम नाम के इस एनजीओ ने आप की वेबसाइट की मदद से एक प्रिजेंटेशन को आधार बनाते हुए इस मामले से संबंधित सारे सुबूत पेश किए हैं। एनजीओ का कहना है कि आप को जवाब देना चाहिए कि आखिर इन कम्पनियों के निदेशक कौन हैं। इनके पास पैसा कहां से आता है।
एक ही शख्स के नाम पर हैं कंपनियां
एनजीओ के गोपाल गोयल ने प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से ये जानकारी दी है। एनजीओ ने बताया कि हेमप्रकाश शर्मा के नाम के एक ही शख्स के नाम पर ये कंपनियां रजिस्टर्ड हैं। इन कंपनियों में सनविजन प्राइवेट लिमिटेड,गोल्ड माइन विडकॉन,स्काई लानइ एंड एलॉय प्राइवेट लिमिटेड के नाम शामिल हैं।
आपको बता दें कि चुनावों से ऐन पहले किया गया ये बड़ा खुलासा आम आदमी पार्टी के लिए परेशानी की बड़ी वजह बन सकता है। वहीं अवाम नाम के एनजीओ ने आप पर जो आरोप लगाए हैं ये पहली बार नहीं है।
इससे पहले भी आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली से नाराज अवाम और आप के बीच सोशल मीडिया पर जंग छिड़ चुकी है। अवाम ने पहले भी अगस्त 2014 में आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी के लोग पार्टी में स्वराज के आंदोलन को ढीला करने के लिए तरह-तरह की साजिश रच रहे हैं। उस वक्त कोर्ट जाने की बात पर भी अवाम ने फैसला कर लिया था।
किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार है आप
जहां एक ओर अवाम के बड़े खुलासे विपक्षी पार्टियां आप को घेरने की जुगत में हैं वहीं आम आदमी पार्टी ने इस तरह के आरोपों को खारिज करते हुए चंदा लेने की प्रक्रिया को पारदर्शी बताया है। आप का दावा है कि सरकार इसकी जांच किसी भी करा सकती है। अगर वो दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी कराई जा सकती।
आम आदमी पार्टी के नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों से अपील करता हूं कि वो भी अपने चंदे का ब्यौरा सार्वजनिक करें।
हम पारदर्शी व्यवस्था में विश्वास रखते हैं और हमें जांच का कोई डर नहीं है। योगेंद्र ने कहा कि आप ही एक ऐसी पार्टी है जो अपने हर तरह के चंदे का ब्यौरा देती है।