पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह रियात शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट में हुए शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली की सिख राजनीति में शिरोमणि अकाली दल (बादल) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह रियात अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शिरोमणि अकाली दल दिल्ली स्टेट में शामिल हो गए। रियात पिछले करीब 25 वर्षों से अकाली दल (बादल) से जुड़े रहे थे और संगठन में अहम भूमिका निभा रहे थे।
रियात और उनके समर्थकों का स्वागत दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका, महासचिव जगदीप सिंह काहलों और दिल्ली इकाई के अध्यक्ष एमपीएस चड्ढा ने किया। इस दौरान रियात को पार्टी का वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त करने की भी घोषणा की गई। नेताओं ने बीबी रणजीत कौर और सुखदेव सिंह बब्बर का भी आभार जताया, जिन्होंने उनको पार्टी में शामिल कराने में अहम भूमिका निभाई।
इस मौके पर कालका और काहलों ने कहा कि रियात के शामिल होने से पार्टी को बड़ी मजबूती मिली है और इसका सीधा असर आगामी दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी चुनावों में दिखाई देगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आने वाले चुनावों में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी और रियात के जुड़ने से कम से कम 10 सीटों का इजाफा होगा।