अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा ने अपने अकाउंट से पुरानी पोस्ट्स को हटाकर पूरी डिजिटल टाइमलाइन को साफ कर दिया है।
भारद्वाज के मुताबिक, उन्होंने चड्ढा के अकाउंट को भाजपा और मोदी जैसे कीवर्ड से गहराई से खंगाला लेकिन, उन्हें भाजपा या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कोई पुरानी आलोचनात्मक पोस्ट नहीं मिली। उन्होंने दावा किया कि मोदी शब्द वाले केवल दो पोस्ट मौजूद हैं और दोनों में प्रधानमंत्री की प्रशंसा की गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के अन्य नेताओं ने राघव चड्ढा के अकाउंट पर किए गए क्वोट पोस्ट भी अब दिखाई नहीं दे रहे हैं। भारद्वाज ने इसे सामान्य सफाई नहीं, बल्कि डिजिटल हिस्ट्री का सर्जिकल हटाना बताया।
राजनीतिक हलकों में इस दावे के बाद हलचल तेज हो गई है। विपक्षी दलों और विश्लेषकों का मानना है कि अगर आरोप सही हैं, तो यह राघव चड्ढा की राजनीतिक छवि में संभावित बदलाव या नई रणनीति की ओर संकेत कर सकता है। हालांकि, राघव चड्ढा की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।