बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से सेक्टर-12 खेल परिसर में शुक्रवार से स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप की शुरुआत हो गई।
इसमें फरीदाबाद, भिवानी, जींद, हिसार, रोहतक, कुरुक्षेत्र सहित अन्य जिलों के 300 से अधिक बॉक्सर हिस्सा लेने पहुंचे हैं। यह प्रतियोगिता आठ नवंबर तक चलेगी।
पहले दिन भिवानी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। पहले दिन फ्री क्वार्टर मुकाबले खेले गए। जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद रजा व महासचिव ललित कुमार ने बताया कि 40 से 46 किलोग्राम भार वर्ग में भिवानी के रवि कुमार, करनाल से अंकित, फतेहाबाद से महाबीर और रोहतक के अनिल ने बाजी मारी।
इनके अलावा पंचकूला से विशाल, भिवानी से अखिल, फरीदाबाद से सौरव व भिवानी से हितेश का प्रदर्शन बेहतर रहा। अंडर-48 आयु वर्ग में भिवानी से हितेश कुमार व राई से अंशुल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
इनके अलावा 50 किलोग्राम भार वर्ग में सोनीपत से भानू प्रताप, कैथल से वीर सिंह, मेवात से सलीम, यमुनानगर से मयंक, हिसार से योगेश्वर, करनाल से सुशांत सिंह और गुड़गांव से निशांत ने अपने विरोधी खिलाड़ियों को टक्कर देते हुए अगली प्रतिस्पर्धा में प्रवेश किया।
63 किलोग्राम भारवर्ग में भिवानी के सचिन ने गुड़गांव के पवन कुमार को हराया। वहीं दूसरी फाइट में भिवानी के राजन ने सोनीपत के अंकित को मात दी। भिवानी के मोहित ने कुरुक्षेत्र के नरेंद्र को, हिसार के निखिल ने अजय को मात दी।
इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश के कृषि मंत्री ओपी धनखड़ ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
हर गांव में खेल परिसर, व्यायामशाला, जिम, आदि खोले जाएं ताकि लड़के व लड़कियां दोनों इस क्षेत्र में आगे आ सकें। उन्होंने प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों के लिए डेढ़ लाख रुपये की इनामी राशि देने की भी घोषणा की।
इस मौके पर एसोसिएशन के संरक्षक सुभाष, प्रताप कुंडू, अध्यक्ष नयनपाल रावत, प्रमिंद्र वालिया, महासचिव ललित कुमार, बॉक्सिंग कोच रमेश वर्मा व दीपक आदि मौजूद रहे।