दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शनिवार रात देवर ने अपनी भाभी की बच्चों के सामने ही चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मृतका की शिनाख्त आमना खातून (26) के रूप में हुई है। आमना के भाई तनवीर (25) ने जब आरोपी मुन्ना (24) को दबोचने का प्रयास किया तो उसने तनवीर पर भी चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तनवीर को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आमना अपने परिवार के साथ चंदू नगर, यादव गली, खजूरी खास के मकान में रहती थी। इसके परिवार में पति मो. साबिर, तीन बच्चे दानिश (9) सरफराज (7) और गुड्डी (5) के अलावा देवर मुन्ना और सास और ससुर हैं।