छावला थाने में तैनात एक महिला सिपाही ने बुधवार रात फंदा लगाकर जान दे दी। उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। लेकिन प्राथमिक जांच में पता चला कि महिला सिपाही कैंसर से पीड़ित थी। पुलिस उसके परिवार वालों से पूछताछ कर जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त ललिता (33) के रूप में हुई है। महिला सिपाही छावला के दुर्गा विहार में अकेले रहती थी। वह दिल्ली पुलिस में वर्ष 2006 में भर्ती हुई थी। बुधवार रात ड्यूटी पर नहीं आने पर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे फोन किया।
काफी फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिला तो एक पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे। किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर महिला को बाथरूम में चुन्नी की मदद से लटका हुआ पाया।
जांच में पता चला कि ललिता शादीशुदा थी। बाड़मेर में शादी होने के कुछ दिन बाद ही पति को छोड़कर वह दिल्ली आकर रहने लगी। परिवार वालों ने बताया कि वह कैंसर की बीमारी से जूझ रही थी।