भूपानी थाना क्षेत्र में वजीरपुर रोड स्थित सैनी फार्म हाउस में काम करने वाले 55 वर्षीय मजदूर की किसी ने हत्या कर दी। मजदूर का शव फार्म हाउस के बाथरूम में मिला। फार्म हाउस का मालिक रविवार शाम वहां पहुंचा तो बदबू आने पर उसने बाथरूम का दरवाजा तोड़ा।
आशंका जताई जा रही है कि मजदूर की हत्या करीब तीन-चार पहले हुई होगी, मृतक की झुग्गी में भी खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ओल्ड फरीदाबाद निवासी मदन सैनी ने भूपानी पुलिस को बताया कि उनका फार्म हाउस नहर पार स्थित वजीरपुर रोड पर है। फार्महाउस पर पिछले कई वर्षों से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बिसेन गांव का निवासी राजकुमार यादव काम करता था।
राजकुमार वहां मजदूरी का काम करता था
पहले वहां आटा चक्की थी जिसके बंद होने के बाद राजकुमार वहां मजदूरी का काम करता था। वह फार्म हाउस के बगल में ही झुग्गी बना कर रहता था।
मदन सैनी के मुताबिक करीब पांच माह पहले उसने फार्म हाउस पर एक ऑफिस व बाथरूम का निर्माण किया था, जिसे राजकुमार इस्तेमाल करता था।
मदन ने पुलिस को बताया कि 24 नवंबर को राजकुमार उनके एक किरायेदार चरण सिंह से किराया लेकर लौटा था लेकिन उसके बाद उसका कुछ पता नहीं लगा।
झुग्गी पर ताला लगा था और काफी बदबू आ रही थी
जब वे रविवार शाम को फार्म हाउस पर पहुंचे तो राजकुमार की झुग्गी पर ताला लगा था और काफी बदबू आ रही थी। मदन ने बाथरूम का दरवाजा चेक किया तो बंद था, उसने बाथरूम की छत पर जाकर किसी तरह दरवाजा खोला तो उसमें राजकुमार का शव पड़ा था।
उसके चेहरे, गर्दन व शरीर पर चोट के निशान थे। जिसके बाद मदन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उसकी झुग्गी का ताला तोड़ कर जांच करने पर पुलिस को झुग्गी में खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।