नोएडा सेक्टर-37 में निवासी फुटबॉल खिलाड़ी प्रियम राणा इन दिनों पुर्तगाल के थर्ड डिविजन क्लब सिनट्रेंस के साथ जुड़े हुए हैं। क्रिस्टियानो रोनाल्डो को आदर्श मानने वाले प्रियम के लिए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) पहला टारगेट बन गया है। जिसके लिए वह तैयारियों में जुट गए हैं।
प्रियम पढ़ाई के साथ-साथ अभ्यास का भी पूरा ध्यान रखते हैं। कम उम्र में आई लीग की सुदेवा क्लब से जुड़ने के बाद उन्होंने अब अलग होने का फैसला किया है। रियाल मेड्रिड की ओर से खेलने का सपना देखने वाले प्रियम कुछ वर्षों में बेनफिका की जर्सी में भी नजर आ सकते हैं।
उनके कोच व पूर्व इंटरनेशनल फुटबॉलर अनादि बरुआ प्रियम को भारत का सबसे बड़ा सितारा मानते हैं। वह कहते हैं कि मेसी की तरह प्रियम भी लेफ्टी है। उसके पैर गजब फुर्तीले हैं।
अनादि को उम्मीद है कि फुटबॉल के प्रति उसकी दीवानगी जल्द ही नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में प्रियम ने आईपीएससी अंडर-13 की प्रतियोगिता में बेस्ट प्लेयर का अवार्ड जीता था। उसी साल रेसिडेंसियल फुटबॉल एकेडमी में चुने गए। पुणे में आयोजित आईपीएससी नेशनल खेलने के बाद 2019 में पुर्तगाल के थर्ड डिविजन क्लब में चुने गए।