प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा बल तैनात, किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज जंतर मंतर पर प्रदर्शन होना है। प्रदर्शन से पहले ही जंतर-मंतर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। जंतर मंतर की ओर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर बैरिकेड लगाए हैं। बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। बृहस्पतिवार को किसी भी आम व्यक्ति को जंतर मंतर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। जंतर मंतर की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं। जनपथ की तरफ से आने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया गया है। पैदल आने वाले लोगों को भी बैरिकेड के आगे जाने नहीं दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को जंतर-मंतर पहुंचने वाले कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से अंदर जाने की अनुमति मांगी। उन्हें आगे जाने नहीं दिया गया।
प्रदर्शनकारी बोले, मांगों को लेकर पहुंचेंगे
प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे लोगों के अनुसार, वे अपनी मांगों को लेकर जंतर मंतर पहुंचेंगे। प्रदर्शनकारी राखी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया वापस लेने और मतदाता सूची से हटाए गए लोगों को फिर शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा।