बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
बारापुला फेज-3 के शुरू होने से पूर्वी दिल्ली के लोगों का दक्षिण और मध्य दिल्ली तक का सफर आसान होगा। मयूर विहार फेज-1 से सराय काले खां तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर के चालू होने से वाहन चालकों को आईटीओ, रिंग रोड और डीएनडी के अलावा एक नया सिग्नल-फ्री विकल्प मिलेगा। इससे रोजाना नौकरी और दूसरे कामों के लिए दक्षिण दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को राहत मिल सकती है।
कॉरिडोर का सबसे सीधा फायदा मयूर विहार के फेज-1, फेज-2 और फेज-3 के साथ चिल्ला गांव के लोगों को मिलेगा। यहां से दक्षिण दिल्ली जाने वाले वाहन सीधे बारापुला कॉरिडोर का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे सराय काले खां की ओर जाने के लिए पुराने रास्तों पर निर्भरता कम होने की संभावना है।
लक्ष्मी नगर, शकरपुर और पटपड़गंज के लोगों को भी दक्षिण दिल्ली जाने के लिए नया रूट मिलेगा। इन इलाकों से आने वाले वाहन मयूर विहार के रास्ते कॉरिडोर तक पहुंच सकेंगे। इससे विकास मार्ग और आईटीओ की तरफ जाने वाले यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। वहीं, आनंद विहार, कड़कड़डूमा और विवेक विहार के साथ वसुंधरा एन्क्लेव और दल्लूपुरा के वाहन चालकों को भी दक्षिण दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक रास्ता मिलेगा।
बारापुला फेज-3 कॉरिडोर का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला