गुड़गांव बार एसोसिएशन के चुनावों में फर्जी मतदान को लेकर उठे विवाद के बाद बार काउंसिल ने गोपनीय रिपोर्ट की जांच के आधार पर पांच वकीलों को नोटिस जारी कर दिया है। काउंसिल ने नोटिस जवाब के साथ पांच मई को चुनाव की घोषणा कर दी है।
24 अप्रैल को गुड़गांव जिला बार एसोसिएशन के चुनावों के दौरान प्रत्याशियों और उनके समर्थकों द्वारा फर्जी मतदान के साथ अनुशासनहीनता की बात सामने आने के बाद चुनावों को रद्द कर दिया गया था।
इस मामले में बार काउंसिल की अनुशासन समिति ने पांच सदस्यों को प्रोफेशनल एडवोकेट एक्ट 1961 की धारा 34 के तहत अजय चौधरी, परमवीर कटारिया, जितेंद्र कटारिया, विकास व राहुल राव को नोटिस जारी कर दिया है।
काउंसिल ने आगामी 10 मई तक जवाब देने का आदेश दिया है। काउंसिल की ओर से जारी आदेश में पांच मई को बार एसोसिएशन के दोबारा चुनाव आयोजित कराए जाएंगे। काउंसिल ने अपनी तरफ से गठित पांच सदस्यीय कमेटी को चुनाव कराने का आदेश दिया है।
काउंसिल के इस फैसले के बाद एक बार फिर प्रत्याशियों के बीच चुनावों को लेकर गहमागहमी शुरू हो गई है।
इस घोषणा के बाद अध्यक्ष पद के लिए मैदान में खड़े प्रत्याशी बालकिशन भारद्वाज ने अपने प्रतिद्वंद्वी महेंद्र सिंह चौहान को समर्थन दे दिया है, जबकि सचिव पद के लिए उन्होंने हेमंत शर्मा को समर्थन दे दिया है। बार एसोसिएशन के प्रधान सुमन कुमार यादव के अनुसार काउंसिल के आदेश के बाद चुनावों को लेकर फिर से तैयारी शुरू कर दी गई है।