अब अगले तीन दिनों तक बैंक बंद रहेंगे। लोग एटीएम से ही नकदी निकाल सकेंगे। ऊपर से शहर के अधिकतर एटीएम खराब चल रहे हैं। लोग अपना अपना वेतन तक बैंक से नहीं निकाल पाए हैं। जिस वजह से ये तीन दिन लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने वाले हैं।
लोगों को एटीएम की लंबी कतारों में लगना पड़ेगा। लोगों का कहना था कि आखिर पैसा कहा जा रहा है। लेबर चौक के यूको बैंक में लोगों का गुस्सा फुट पड़ा। नोटबंदी का 31 वां दिन है। लेकिन अब तक बैंकों की स्थिति में ज्यादा सुधार नहीं आया है। लोगों को जरूरत के मुताबिक पैसा ही नहीं मिल पा रहा है।
अभी तक लोग बैंकों की कतार में लगकर नकदी निकलवाने में जुटे हुए हैं। लाइन में सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद लोगों को महज चार या छह हजार रुपये मिल पा रहे हैं। शुक्रवार को भी बैंकों के पास नकदी बहुत कम पहुंची।
सिर्फ दो घंटे में ही नकदी खत्म हो गई। बैंक प्रबंधनों का कहना था कि जो नकदी आ रही है वो लोगों को दी जा रही है। बैंक बंद होने के बाद बचा हुआ पैसा एटीएम मशीनों में डाला जाए।
सड़कों पर दिखा आक्रोश : बैंकों की लाइन में लगे लोगों का अब धैर्य टूटने लगा है। बैंक और एटीएम की लाइन में लगे लोगों में अब दिखने लगा है। लिहाजा बैंकों के बाहर नोटिस चस्पा किया जा रहा है कि यदि कोई बैंक कर्मचारी के साथ गलत व्यवहार करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया की जाएगी।