ग्रेटर नोएडा में कासना कोतवाली क्षेत्र के पार्श्वनाथ सोसायटी के पास एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। घटना में स्कूटी सवार प्रबंधक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया। युवक नोएडा के एक निजी बैंक में प्रबंधक थे।
पुलिस ने बताया कि ओमेगा सेक्टर में निशांत मिश्र अपने परिवार के साथ रहते थे। वह नोएडा के सेक्टर-52 स्थित निजी बैंक में बतौर मैनेजर काम करते थे।
शुक्रवार शाम कुछ सामान लाने के लिए घर से स्कूटी लेकर बाजार के लिए निकले थे। वापस लौटते समय एक कार ने उनको टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उनको यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर रात में इलाज के दौरान मैनेजर ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करके अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कैंटर ने छात्र को कुचला
ग्रेटर नोएडा के जेवर के कानीगढ़ी रोड पर एक दूध के कैंटर ने छठवीं के छात्र को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मोहम्मद युसुफ का बेटा मोहम्मद कैफ जेवर के ही एक स्कूल में छठी का छात्र था।
शनिवार सुबह वह घर के सामने खेल रहा था। उसी समय कानीगढ़ी गांव की ओर से दूध का कैंटर आया और बच्चे को कुचल दिया। इससे कैफ की मौत हो गई। आरोपी चालक गाड़ी को लेकर फरार हो गया।