दिल्ली के एम्स में शनिवर को लगी आग के बाद रविवार को एक बेहद सुकून भरी खुशखबरी ने अस्पताल के माहौल को हल्का कर दिया। इमरजेंसी वार्ड पास आग लग जाने के बाद आरपी सेंटर को ही कुछ समय के लिए इमरजेंसी बनाया गया है। इसी दौरान यहां प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अस्पताल के डॉक्टरों और तमाम मेडिकल स्टाफों ने मिलकर एक गर्भवति महिला की डिलीवरी कराई।
महिला ने विपरीत परिस्थिति में एक प्यारी सी बच्ची को जन्म दिया। अफरा-तफरी के माहौल के बीच हुई इस डिलीवरी के बाद डॉक्टरों और अन्य स्टाफों की खुशियां देखते बन रही थी।
बता दें कि शनिवार को एम्स के टीचिंग ब्लॉक में शनिवार शाम भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई थी। अस्पताल की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के बाद एसी का कम्प्रेशर फटने से लगी आग देर रात चौथी और पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद तीन दर्जन दमकल की मदद से रात 11:10 बजे इस पर काबू पाया जा सका।