मायावती सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे बाबू सिंह कुशवाहा के खिलाफ बुधवार को जैसे ही सीबीआई कोर्ट ने कुर्की के आदेश जारी किए, वैसे ही कुछ देर बाद कुशवाहा कोर्ट में पेश हो गए। कोर्ट ने आरोपी पूर्व मंत्री को न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया है।
कोर्ट ने पूर्व मंत्री की अंतरिम जमानत अर्जी भी खारिज कर दी। हालांकि कुशवाहा की अपील पर विशेष न्यायाधीश पवन कुमार तिवारी ने कुर्की आदेश पर दोबारा सुनवाई के लिए 16 मार्च की तारीख नियत कर दी है।
एनआरएचएम घोटाले में फंसे यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा एक मामले में लंबे समय से कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहे थे। इसी के चलते 30 जनवरी को विशेष न्यायाधीश ने पूर्व मंत्री के खिलाफ गैर जमानती वारंट और 82 की कार्रवाई के आदेश दिए थे।