उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ सपा नेता आजम खां ने कहा कि लव जेहाद के नाम पर देश में खून बहाने की साजिश रची जा रही है। 125 करोड़ की जनसंख्या वाले देश में 10-20 लोगों के कदम को आधार बनाकर बीजेपी और आरएसएस के लोग हिंदुस्तान के सभी मुसलमानों पर आरोप लगा रहे हैं।
आजम खां दिल्ली में बीबी फातिमा मेमोरियल की ओर से इस्लामिक सेंटर में आयोजित कौमी एकता को लेकर आयोजित सेमिनार में बोल रहे थे। उन्होंने इस मौके पर मुसलमानों को एक होने की नसीहत दी, साथ ही लखनऊ के एक शिया धर्मगुरु पर दूसरे की गोद में बैठकर खेलने का आरोप लगाया।
आजम खां ने कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, तो क्या उस राष्ट्र में मुस्लिम फिट नहीं बैठते। वह क्या चाहते हैं, वह हिंदू राष्ट्र को लेकर वह क्या सोच रहे हैं, उसका नक्शा वह हमारे सामने रखें तो हम भी आगे का रास्ता तय करें।
उन्होंने कहा कि मुस्लिमों को चुनाव के दौरान पाक चले जाने की नसीहत देकर आज वह संसद में बैठे हैं। मुस्लिम इस देश की आजादी के लिए अंग्रेजों के सामने लड़े थे। वह देश के विकास में अहम भूमिका निभाना चाहते हैं। लेकिन भाजपा और आरएसएस के लोग समाज को बांटने का काम कर रहे हैं।