बडकली चौक पर बना ऑटो चालकों के लिए स्टैंड, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। बड़कली चौक पर लंबे समय से लगने वाले जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या के समाधान के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रशासन द्वारा बडकली चौक पर ऑटो स्टैंड बनाया गया है तथा निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े कर सवारियां बैठाने के निर्देश दिए गए।
बीडीपीओ विशाल आजाद ने स्पष्ट किया कि अब किसी भी ऑटो चालक को सड़क किनारे या चौक के बीच वाहन खड़ा कर सवारी भरने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने बताया कि बड़कली चौक क्षेत्र में लंबे समय से ऑटो चालकों द्वारा मनमाने स्थानों पर वाहन खड़े करने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कई बार घंटों तक जाम लगने से आम लोगों, यात्रियों, दुकानदारों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
यातायात थाना प्रभारी नरेंद्र शहरावत ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त के निर्देश पर ऑटो चालकों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। पुन्हाना और नूंह जाने वाले ऑटो पुलिस चौकी के पास, जबकि फिरोजपुर झिरका रूट के ऑटो बड़े पेड़ के समीप खड़े किए जाएंगे। चालक वहीं से सवारियां बैठा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था लागू होने से सड़क पर अनावश्यक भीड़ कम होगी और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे न केवल जाम की समस्या में कमी आएगी, बल्कि आम जनता को भी राहत मिलेगी। बड़कली चौक से पुन्हाना, नूंह और फिरोजपुर झिरका रूट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऑटो रिक्शा संचालित होते हैं।
फोटो - बडकली चौक पर नव निर्मित ऑटो स्टैंड।