ग्रेटर दादरी के दादरी में अवैध वसूली से नाराज ऑटो चालकों ने शुक्रवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी है। चालकों का आरोप है कि पुलिस अवैध वसूली के लिए लगातार दबाव बना रही है, जिसके लिए ऑटो पर नए नियम लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में सुधार नहीं होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
ऑटो चालकों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व पुलिस ने शहर के रेलवे रोड पर चलने वाले ऑटो को बगैर परमिट का बताकर बंद करा दिया था। इसके बाद ऑटो चालकों का एक प्रतिनिधिमंडंल परमिट बनाए जाने के लिए उन्हें समय देने की मांग को लेकर एडीएम ओर एसपी देहात से मिला था। चालकों की शिकायत सुनकर दोनों अधिकारियों ने परमिट बनने तक ऑटो शुरू कराने का आश्वासन दिया था।
इसके बाद भी पुलिस उन्हें रोड पर ऑटो नहीं चलाने दे रही है जबकि शहर के अन्य मार्गों पर बगैर परमिट वाले ऑटो चल रहे हैं। यदि वे दूसरे ऑटो की तर्ज पर रेलवे रोड पर ऑटो चलाने की बात की करते हैं तो पुलिसकर्मी प्रति ऑटो पांच सौ रुपये की मांग करते हैं। पैसा नहीं देने पर उनके साथ बदसलूकी की जाती है। कई बार ऑटो तक सीज कर दिए जाते हैं।
ऑटो यूनियन का कहा कि जब तक उनसे पुलिस अवैध उगाही बंद कर कार्य प्रणाली में सुधार नहीं करेगी हड़ताल जारी रहेगी। ऑटो हड़ताल होने के कारण रेलवे रोड़ पर यातायात भी पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बाबत दादरी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बीपी मलिक का कहना है कि अवैध उगाही करने वालों के खिलाफ लिखित शिकायत देने पर कार्रवाई की जाएगी।