नोएडा के कासना कोतवाली क्षेत्र में एक ऑटो चालक के चंगुल में फंसी दो बच्चियां ऑटो से कूद कर बच निकलीं। शोर मचाकर मदद मांगी तो आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और महिला संगठन ने मौके पर पहुंचकर दोनों बच्चियों को थाने पहुंचाया जहां से दोनों को चाइल्ड केयर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मूलत: उत्तराखंड की दोनों बच्चियां (जिनकी उम्र करीब 12 साल) किसी के घर पर काम करती थीं। वहां से दोनों कही निकल गईं और रास्ते में खड़ी होकर रोने लगी। वहां पर उन्हें एक ऑटो चालक ने रोने का कारण पूछा तो वह उन्हें अपने घर ले गया।
दिन में ऑटो चालक का इरादा देखकर बच्चियां भांप गई और उसके घर से भाग खड़ी हुई लेकिन ऑटो चालक ने बच्चियों को फिर से ढूंढ निकाला। ऑटो चालक दोनों बच्चियों को ऑटो में लेकर फिर अपने घर के लिए चल दिया लेकिन एक बच्ची ने लोगों को देखकर शोर मचा दिया।
उस दौरान जैसे ही चालक ने ऑटो को धीमा किया तो दोनों ऑटो से कूद गईं। हालांकि ऑटो चालक तो भाग गया। उधर, आसपास के लोग एकत्र हुए और महिला संगठन की ऊषा ठाकुर और आरती शर्मा के अलावा भी कई महिलाएं बच्चियों के पास पहुंची।
देर शाम तक जांच पड़ताल चली और फिर बच्चियों को चाइल्ड केयर भेज दिया गया। कासना पुलिस का कहना है कि दोनों को चाइल्ड केयर भेज दिया गया है और ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है उसकी गिरफ्तारी होने के बाद ही मामले का पता चल सकेगा।